उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में सेंसेक्स 25 अंक टूटा
(India) इन्फोसिस की अगुवाई में आईटी शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, तेल व गैस, पीएसयू, धातु व बैंकिंग शेयरों ने बाजार को संभाल लिया। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 26,229.67 अंक पर खुला और कारोबार के दौरान दिन के निचले स्तर 26,150.09 अंक पर आ गया। चुनिंदा लिवाली के समर्थन से सेंसेक्स कुछ हद तक गिरावट से उबर गया और 25.18 अंक के नुकसान के साथ 26,246.79 अंक पर बंद हुआ। यह सेंसेक्स का दो माह का निचला स्तर है। पिछले दो सत्रों में सेंसेक्स 358.54 अंक टूट चुका है। नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 9.70 अंक की मामूली गिरावट के साथ 7,842.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 7,869.90 अंक और 7,815.75 अंक के दायरे में घूमता रहा। वैश्विक वित्तीय सेवा प्रदाता सिटीग्रुप द्वारा इन्फोसिस के शेयरों की साख ‘खरीदें’ से घटाकर ‘सामान्य’ किए जाने के बाद कंपनी का शेयर भाव 4.7 प्रतिशत तक गिर गया। इससे बीएसई आईटी क्षेत्र का सूचकांक 3.44 प्रतिशत तक नीचे आ गया। इन्फोसिस का शेयर भाव गिरने से कंपनी का बाजार मूल्य 10,341.31 करोड़ रुपये घटकर 2,09,607.69 करोड़ रुपये रह गया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।