390 अंक की छलांग के साथ एक सप्ताह के उच्च स्तर पर पहुंचा सेंसेक्स
(India) भेल व हिंडाल्को की अगुवाई में बड़ी कंपनियों के शेयरों में बेहतर लाभ से बाजार में तेजी आई। इस बीच, अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने संकेत दिया है कि दरों में तत्काल बढ़ोतरी नहीं होगी। ब्रोकरों ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक के मिनट्स जारी होने के बाद कारोबार की धारणा को बल मिला। इससे इस बात की पुष्टि हुई है कि ब्याज दर निचले स्तर पर बनी रहेंगी। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सकारात्मक रूख के साथ खुलने के बाद 26,688.70 अंक के उच्च स्तर तक गया। अंत में यह 390.49 अंक या 1.49 प्रतिशत की बढ़त के साथ 26,637.28 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले 18 सितंबर को सेंसेक्स 480.92 अंक या 1.81 प्रतिशत चढ़ा था। इससे पिछले तीन सत्रों में सेंसेक्स 383 अंक टूटा था। इसी तरह नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 117.85 अंक या 1.5 प्रतिशत के लाभ के साथ 7,900 का स्तर लांघकर 7,960.55 अंक पर पहुंच गया। एशियाई बाजारों के मिले-जुले रूख व यूरोपीय बाजारों की मजबूत शुरुआत से भी यहां धारणा को बल मिला। इसके साथ ही रुपये की मजबूती व वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भी यहां धारणा को बल मिला। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 25 लाभ में रहे। भेल का शेयर 8.37 प्रतिशत चढ़ा, हिंडाल्को में 6.01 प्रतिशत, एसबीआई में 2.84 प्रतिशत का लाभ रहा। विप्रो और चार अन्य शेयर घाटे में रहे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।