(India)
मुद्रास्फीति के पांच साल के निचले स्तर पर आने और आरआईएल के तिमाही नतीजे उम्मीद से बेहतर रहने के बावजूद कारोबारी धारणा कमजोर रही। तीस शेयरों वाला सेंसेक्स मजबूती के साथ 26,537.42 अंक पर खुला और कारोबार के दौरान दिन के उच्च स्तर 26,550.79 अंक तक गया। हालांकि दूसरे पहर बिकवाली दबाव से सेंसेक्स 34 अंक नीचे 26,349.33 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 20.25 अंक नीचे 7,864.00 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 7,928 और 7,825.45 अंक के दायरे में घूमता रहा। ब्रोकरेज फर्म एचबीजे कैपिटल के मुताबिक, महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनावों से पहले बाजार एक सीमित दायरे में रहा। यद्यपि कल महाराष्ट्र में मतदान के मद्देनजर बाजार बंद हैं, मतदान के बाद एक्जिट पोल से बृहस्पतिवार को बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर रह सकता है। इधर, थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति सितंबर में घटकर करीब पांच साल के निचले स्तर 2.38 प्रतिशत पर आ गई। ब्रोकरों ने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा राज्यसभा में क्रमश: 19 और 5 सीटों का योगदान करते हैं। इसलिए, इन राज्यों में यदि भाजपा का प्रदर्शन अच्छा रहा तो उपरी सदन में पार्टी की स्थिति मजबूत होगी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।