सेंसेक्स 109 अंक चढ़कर बंद, तीन दिन में पहली बढ़त
(India) इस दौरान हीरो मोटो कार्प, एचडीएफसी बैंक, भेल, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा और भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में तेजी रही। शेयर ब्रोकरों के अनुसार कंपनियों के बेहतर परिणाम और महाराष्ट्र, हरियाणा विधानसभा चुनावों के एक्जिट पोल नतीजों में भाजपा को बहुमत मिलने की उम्मीदों से खरीदारी ने जोर पकड़ा है। बंबई शेयरों का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स आज 109.19 अंक बढ़कर फिर से 26,000 अंक के स्तर से ऊपर निकलकर 26,108.53 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के बीच में एक समय यह 26,248.54 अंक तक पहुंच गया था। इससे पहले पिछले दो कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 384.73 अंक लुढ़क चुका है। सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से आज 21 में लाभ रहा जबकि 9 कंपनियों के शेयर नुकसान में रहे। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी सूचकांक भी आज 25 अंक यानी 0.32 प्रतिशत बढ़कर 7,773.20 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले कारोबार के बीच में यह 7,800 अंक से उपर निकलकर 7,819.20 अंक को छू गया। दिल्ली स्थित शेयर ब्रोकर मनोज छोररिया ने कहा, ‘आटो और बैंकिंग शेयरों में तेजी से सेंसेक्स को उठने में मदद मिली। वैश्विक बाजार में तेजी से बाजार धारणा को मजबूती मिली।’ यूरोपीय बाजारों और अमेरिका के सकारात्मक आंकड़ों से भी बाजार को सहारा मिला। हीरो मोटो कार्प की अगुवाई में बाजार में तेजी का रूख रहा। कंपनी का दूसरी तिमाही मुनाफा 58.62 प्रतिशत बढ़कर 763 करोड़ रुपये रहा है। इसका शेयर आज 3.52 प्रतिशत चढ़ गया। महिन्द्रा एंड महिन्द्रा और मारुति सुजूकी में भी तेजी रही।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।