शेयर बाजार में तेजी थमी, सेंसेक्स 98 अंक टूटा
(India) सतत विदेशी पूंजी प्रवाह और आर्थिक सुधारों में तेजी की उम्मीद से बाजार बढ़त के साथ खुला और कारोबार के दौरान यह दिन के उच्च स्तर 26,994.96 अंक पर पहुंच गया। हालांकि अंतिम पहर बिकवाली से सेंसेक्स 98.15 अंक नीचे 26,752.90 अंक पर बंद हुआ। पिछले पांच कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 851.71 अंक मजबूत हुआ था। इसी तरह, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी मुनाफा वसूली का शिकार हुआ और 22.85 अंक टूटकर 8,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे 7,991.70 अंक पर बंद हुआ। ब्रोकरेज फर्म एचबीजे कैपिटल के वरिष्ठ विश्लेषक राजशेखर गौड़ा ने कहा, घरेलू बाजार ने शुरुआत अच्छी की, लेकिन जर्मनी में कारोबारी धारणा कमजोर पड़ने की रिपोर्ट के बाद यहां बिकवाली दबाव हावी हो गया। बिकवाली का जोर रीयल्टी, तेल व गैस, एफएमसीजी, प्रौद्योगिकी, वाहन, आईटी और धातु शेयरों में ज्यादा रहा। तेल की कीमतों में नरमी के अनुमान से ओएनजीसी और आरआईएल के शेयर भाव में गिरावट दर्ज की गई। कुल मिलाकर सेंसेक्स में शामिल 30 में से 17 कंपनियों के शेयर टूटकर बंद हुए।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।