सेंसेक्स 217 अंक उछलकर पांच सप्ताह के उच्च स्तर पर पहुंचा
(India) तीस शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार के दौरान दिन के उच्च स्तर 27,107.93 अंक को छू गया था। लगातार दूसरे दिन तेजी के रुख के बीच सेंसेक्स ने 22 सितंबर के बाद पहली बार 27,000 का मनोवैज्ञानिक स्तर फिर से हासिल कर लिया। कल सेंसेक्स 127.92 अंक मजबूत हुआ था। इसी तरह, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 62.85 अंक सुधरकर 8,090.45 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 8,097.95 और 8,052.25 अंक के दायरे में रहा। ब्रोकरेज फर्म रेलीगेयर सिक्युरिटीज के अध्यक्ष (खुदरा वितरण) जयंत मांगलिक ने कहा, ‘हमें गुरुवार को बाजार में भारी उतार-चढ़ाव रहने की उम्मीद है। पहले बाजार पर फेडरल रिजर्व की बैठक में किए गए निर्णय का असर होगा। वहीं दूसरे पहर डेरिवेटिव्ज सौदों के निपटान का असर देखने को मिलेगा।’ ब्रोकरों के मुताबिक, सभी की नजरें अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक पर है जिसमें बांड खरीद कार्यक्रम समाप्त किए जाने की संभावना है पर वह ब्याज दरें बढाने से पहले कुछ इंतजार करने की अपनी इच्छा की पुष्ठि कर सकता है। आज वाणिज्यिक वाहन कंपनियों के शेयरों की अच्छी मांग रही जिससे टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसी कंपनियों के शेयरों में तेजी का रुख रहा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।