248 अंकों के उछाल के साथ नई ऊंचाइयों पर बंद हुआ सेंसेक्स, निफ्टी ने भी बनाया रिकार्ड
(India) बाजार में तेजी का आज लगातार तीसरा दिन था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी दिन में 8,181.55 अंक की अभूतपूर्व ऊंचाई को छूने के बाद अंत में 78.75 अंक या 0.97 प्रतिशत की बढ़त के साथ 8,169.20 अंक पर बंद हुआ। यह निफ्टी के 8,173.90 अंक के रिकार्ड बंद स्तर से कुछ ही कम है। ब्रोकरों ने कहा कि पूंजी के ताजा प्रवाह, कंपनियों के बेहतर नतीजों और भारत की रेटिंग धारणा पर मूडीज की अनुकूल रिपोर्ट से यहां व्यापक आधार पर लिवाली देखने को मिली। बंबई शेयर बाजार में 1,586 शेयर लाभ में रहे, जिससे निवेशकों की पूंजी 95.35 लाख करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गई। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सकारात्मक रूख के साथ खुलने के बाद दिन में कारोबार के रिकार्ड उच्चस्तर 27,390.60 अंक पर पहुंचा। इससे पहले सेंसेक्स ने आठ सितंबर को 27,354.99 अंक का रिकार्ड स्तर छुआ था। समाप्ति पर सेंसेक्स 248.16 अंक या 0.92 प्रतिशत उछलकर नए रिकार्ड स्तर 27,346.33 अंक पर बंद हुआ। तीन दिन में सेंसेक्स 600 अंक से अधिक चढ़ा है। इससे पहले आठ सितंबर को सेंसेक्स 27,319.85 अंक के रिकार्ड स्तर पर बंद हुआ था। सरकार ने कल निर्माण क्षेत्र में एफडीआई नियमों में ढील दी है। इनके तहत न्यूनतम निर्मित क्षेत्र के अलावा न्युनतम विदेशी पूंजी की अनिवार्यता को कम किया गया है। साथ ही विदेशी निवेशकों के परियोनजा से बाहर निकलने के नियमों को भी उदार किया गया है। इस निर्णय के बाद डीएलएफ और एचडीआईएल के शेयर चढ़ गए।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।