सेंसेक्स ने पहली बार छूआ 28,000 का आंकड़ा, निफ्टी भी नई उंचाई पर
(India) मोदी सरकार द्वारा आने वाले दिनों में और सुधार करने और निकट भविष्य में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स आज पहली बार 28,000 अंक के पार पहुंचा, हालांकि यह इस स्तर पर कायम न रह सका और 55.50 अंक की बढ़त के साथ 27,915.88 अंक की नई उंचाई पर बंद हुआ। कल गुरनानक जयंती के उपलक्ष्य में बंबई शेयर बाजार और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज बंद रहेंगे। सरकार द्वारा सुधार के और उपाय करने एवं रिजर्व बैंक द्वारा दर में कटौती की उम्मीदों के बीच बैंकिंग और आईटी शेयर लिवाली के केंद्र में रहे। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 28,010.39 अंक के सर्वकालिक रिकार्ड स्तर पर पहुंचकर नीचे आ गया। इससे पहले, सेंसेक्स सोमवार को 27,969.82 अंक की रिकार्ड उंचाई पर पहुंचा था। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 14.15 अंक उपर 8,338.30 अंक की रिकार्ड उंचाई पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, निफ्टी ने 8,365.55 अंक की उंचाई को छूआ। वित्त मंत्री अरुण जेटली द्वारा श्रम, भूमि अधिग्रहण और बीमा कानूनों में सुधार का आज वादा किए जाने और घाटे में चल रहे कुछ सार्वजनिक कंपनियों के निजीकरण पर विचार करने संबंधी उनके बयान से बाजार में काफी उत्साह रहा। कोटक सिक्युरिटीज के प्रमुख (निजी ग्राहक समूह अनुसंधान) दीपेन शाह ने कहा, राजकोषीय स्थिति में सुधार, कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट, अमेरिका में वृद्धि दर सुधरने आदि कारकों से बाजार में फिर से तेजी का रख बना है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।