(India)
बैंक, धातु तथा पूंजीगत वस्तु बनाने वाली कंपनियों के शेयरों की बिकवाली से बाजार में गिरावट दर्ज की गयी।शुरूआती, कारोबार में मजबूती के साथ सेंसेक्स 27,980.93 अंक की उंचाई को छू गया। हालांकि, बाजार के रिकार्ड स्तर पर पहुंचने के साथ निवेशकों ने कुछ मुनाफावसूली की जिससे बीएसई सेंसेक्स दिन के निम्नतम स्तर 27,739.56 अंक पर आ गया। बाद में लिवाली से नुकसान पर कुछ अंकुश लगा और सेंसेक्स 47.25 अंक या 0.17 प्रतिशत के नुकसान के साथ 27,868.63 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में भेल, गेल, कोल इंडिया, हीरो मोटोकार्प, टाटा स्टील और हिन्डाल्को सहित 21 लाभ में रहे। इससे पहले, बुधवार को 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स अब तक के उच्च स्तर 27,915.88 अंक पर बंद हुआ था। इसी प्रकार, 50 शेयरों वाला नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 1.30 अंक या 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,337.00 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह नीचे में 8,300 अंक से नीचे 8,290.25 अंक तक गिर गया था। बुधवार को निफ्टी 14.15 अंक की तेजी के साथ रिकार्ड 8,338.30 अंक की उंचाई को छू गया था। बैंक शेयरों में गिरावट देखी गयी। सर्वाधिक नुकसान में स्टेट बैंक तथा एचडडीएफसी बैंक में रहा। वहीं दूसरी तरफ स्वास्थ्य, रीयल्टी, उपभोक्ता टिकाउ तथा आईटी कंपनियों के शेयरों में तेजी देखी गयी। प्रतिभूति अपीलीय न्यायाधिकरण द्वारा डीएलएफ को 1,806 करोड़ रुपये का म्यूचुअल फंड भुनाने की अनुमति दिये जाने से कंपनी का शेयर 6 प्रतिशत से अधिक मजबूत हुआ। कारोबारियों के अनुसार बाजार में काफी तेजी आ चुकी है और निवेशकों ने रिकार्ड स्तर पर मुनाफावसूली को तरजीह दी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।