(India)
कोटक महिंद्रा-आईएनजी वैश्य के विलय की घोषणा से बैंकों के शेयरों में आयी तेजी से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 267 अंक की तेजी के साथ नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 75.45 अंक की तेजी के साथ नई ऊंचाई पर बंद हुआ। अमेरिकी शेयरों में कल अच्छी तेजी से पूरे वैश्विक बाजारों में माहौल सकारात्मक रहा। कारोबारियों के अनुसार संसद के शीतकालीन सत्र में सुधारों को आगे बढ़ाये जाने की उम्मीद से भी धारणा मजबूत हुई। साथ ही बुनियादी ढांचे के विकास के लिये तेजी से मंत्रिमंडल की मंजूरी से भी धारणा को बल मिला। अमेरिकी डालर के मुकाबले रुपए में भी सुधार हुआ और यह 61.78 पर कारोबार कर रहा था। रुपया कल नौ महीने के निम्न स्तर 62.25 पर चला गया था। बैंक खंड के अलावा पूंजीगत वस्तुओं, उपभोक्ता टिकाऊ, तेल एवं गैस, एफएमसीजी, वाहन, रीयल्टी तथा बिजली कंपनियों के शेयरों में तेजी से भी बीएसई सेंसेक्स 267.07 या 0.95 प्रतिशत की तेजी के साथ नई रिकॉर्ड ऊंचाई 28,334.63 पर बंद हुआ। इससे पहले, 17 नवंबर को यह रिकार्ड 28,177.88 अंक पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान यह 28,360.66 अंक तक चला गया था। इससे पहले 19 नवंबर को यह कारोबार के दौरान 28,294.01 अंक तक गया था। नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 75.45 अंक या 0.90 प्रतिशत की तेजी के साथ 8,477.35 की नई ऊंचाई पर बंद हुआ। इससे पहले 17 नवंबर को यह रिकॉर्ड 8,430.75 अंक के स्तर पर था। कारोबार के दौरान निफ्टी 8,489.80 अंक की नई ऊंचाई पर चला गया। इससे पहले, 19 नवंबर को यह 8,455.65 अंक के स्तर पर गया था। रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंडाल्को, सिप्ला, भेल, हीरो मोटोकार्प, आईटीसी लि. तथा एल एंड टी से बाजार को अच्छा समर्थन मिला। कोटक महिंद्रा बैंक ने कल आईएनजी वैश्य बैंक के विलय की घोषणा की। यह सौदा करीब 15,000 करोड़ रुपए का है और शेयरों के जरिए होगा। कोटक बैंक का शेयर आज भी 3.68 प्रतिशत मजबूत हुआ। वहीं आईएनजी वैश्य में 2 प्रतिशत की तेजी रही। सिटी यूनियन बैंक, डीसीबी, धनलक्ष्मी, फेडरल बैंक तथा कर्नाटक बैंक के शेयरों में भी तेजी रही।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।