बाजार में तेजी, 33 अंक मजबूत होकर बंद हुआ सेंसेक्स
(India) नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 8,200 अंक को पार कर गया। तीन दिन में यह पहला मौका है जब बाजार में तेजी आयी है। मुख्य रूप से टीसीएस, एचडीएफसी, एल एंड टी, सन फार्मा, हिंडाल्को, सेसा स्टरलाइट, एसबीआई, इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक, टाटा स्टील तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज में अंतिम समय में की गयी लिवाली से बाजार में तेजी आयी। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने बीमा तथा कोयले से जुड़े दो अध्यादेशों पर आज हस्ताक्षर कर दिये। इससे बीमा क्षेत्र में अतिरिक्त विदेशी निवेश आकषिर्त करने का रास्ता साफ हो गया और साथ ही रद्द कोयला खानों का फिर से आबंटन किया जा सकेगा। इससे बाजार धारणा को मजबूती मिली। डेरिवेटिव्स खंड में जनवरी श्रृंखला की शुरूआत के साथ तीस शेयरों वाला बंबई शेयर बाजार का सूचकांक मजबूती के साथ खुला। हालांकि बाद में विदेशी पूंजी निकलने से इसमें गिरावट दर्ज की गयी। लेकिन अंत में लिवाली बढ़ने से यह 33.17 अंक या 0.12 प्रतिशत बढ़कर 27,241.78 अंक पर बंद हुआ। पिछले दो दिन में सेंसेक्स 493.18 अंक गिरा था। 50 शेयरों पर आधारित नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 26.60 अंक या 0.33 प्रतिशत की तेजी के साथ 8,200.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय यह गिर कर 8,147.95 अंक तक चला गया था। कारोबारियों के अनुसार क्रिसमस तथा नये साल की शुरूआत से पहले विदेशों में छुट्टी के कारण वैश्विक बाजार बंद रहे। इससे बड़े निवेशक कोई बड़ी लिवाली से दूर रहे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 15 लाभ में जबकि 15 नुकसान में रहे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।