(India)
विदेशी कोषों की लिवाली में सुधार से भी बाजार को बल मिला। ब्रोकरों ने कहा कि बाजार में इस तरह की चर्चा है कि सरकार और आर्थिक सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए अध्यादेश का सहारा ले सकती है। इससे भी बाजार को बल मिला। बंबई शेयर बाजार के 12 में से 11 खंडों के सूचकांकों में लाभ रहा। पिछले सत्र में 33.17 अंक की बढ़त दर्ज करने वाला बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 153.95 अंक या 0.57 प्रतिशत के लाभ के साथ 27,395.73 अंक पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान इसने दिन का उच्चस्तर 27,507.25 अंक भी छुआ। लेकिन कारोबार के मध्य में मुनाफावसूली का सिलसिला चलने से एक समय यह टूटकर 27,266.49 अंक के निचले स्तर तक चला गया। इसी तरह नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 45.60 अंक या 0.56 प्रतिशत की बढ़त के साथ 8,246.30 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स की बढ़त में मुख्य रूप से टाटा मोटर्स, एचडीएफसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी, टीसीएस, सेसा स्टरलाइट, सनफार्मा, हीरो मोटोकार्प, हिंडाल्को व हिंद यूनिलीवर ने योगदान दिया। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने आज कहा कि चालू वित्त वर्ष में देश की आर्थिक वृद्धि दर रफ्तार पकड़ेगी और 2015-16 में यह और बेहतर रहेगी। रेलिगेयर सिक्योरिटीज के खुदरा वितरण प्रमुख जयंत मांगलिक ने कहा, मजबूत वैश्विक रुख व एफआईआई के सतत प्रवाह से बाजार की धारणा सकारात्मक हुई। विदेशी कोषों के लिवाल बनने से भी बाजार की धारणा में सुधार हुआ। अस्थायी आंकड़ों के अनुसार एफपीआई ने गत शुक्रवार को 39.97 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इससे पिछले 12 सत्रों यानी 9 दिसंबर से ये लगातार बिकवाल बने हुए थे। साल का अंत करीब होने के बीच खुदरा निवेशकों ने दूसरी श्रेणी की कंपनियों में अच्छी लिवाली की।
एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख रहा। चीन, हांगकांग, सिंगापुर तथा ताइवान के बाजार 0.74 से 1.82 प्रतिशत तक चढ़े। वहीं जापान के बाजार में 0.50 प्रतिशत व दक्षिण कोरिया में 1.04 प्रतिशत की गिरावट आई। शुरआती कारोबार में यूरोपीय बाजारों में भी मिलाजुला रुख था। सेंसेक्स की कंपनियों में 25 में लाभ रहा। सेसा स्टरलाइट का शेयर 3.81 प्रतिशत, हिंडाल्को 3.22 प्रतिशत, कोल इंडिया 2.22 प्रतिशत, टाटा मोटर्स 2.04 प्रतिशत, हीरो मोटोकार्प 1.86 प्रतिशत, टाटा स्टील 1.54 प्रतिशत और गेल इंडिया 1.15 प्रतिशत के लाभ में रहे। सनफार्मा, भेल, हिंद यूनिलीवर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी, टीसीएस व ओएनजीसी के शेयरों में भी बढ़त दर्ज हुई। वहीं भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक व एसबीआई के शेयर नुकसान में रहे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।