दलाल स्ट्रीट में लगातार छठे सत्र में बढ़त दर्ज की गई। दिसंबर में मैन्यूफैक्चरिंग उत्पादन के उत्साहजनक आंकड़ों ने निवेशकों का मनोबल बढ़ाया। इसके अलावा बैंकिंग क्षेत्र में सुधारों की उम्मीद में निवेशकों ने एचडीएफसी बैंक, आइसीआइसीआइ बैंक, एक्सिस बैंक की अगुआई में चुनिंदा शेयरों में लिवाली की। इससे बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 380.36 अंक यानी 1.38 फीसद उछलकर 27887.90 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 111.45 अंक यानी 1.35 फीसद चढ़कर 8395.45 अंक पर पहुंच गया। एचएसबीसी के सर्वे में कहा गया कि दिसंबर के दौरान देश का मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर दो साल में सबसे तेज रफ्तार के साथ बढ़ा। घरेलू के साथ विदेशी खरीदारों के ऑर्डरों के चलते यह तेजी आई। इसने बाजार को सहारा दिया। पुणे में बैंकों, बीमा कंपनियों, वित्तीय क्षेत्र के नियामकों और वित्त मंत्रालय के आला अधिकारियों की बैठक ज्ञान संगम के बीच पीएसयू और निजी क्षेत्र के बैंकों के शेयरों में तेज लिवाली हुई। बैंकिंग क्षेत्र में जान फूंकने के लिए ये अधिकारी विलय व अधिग्रहण तथा फंसे कर्ज सहित विभिन्न मुद्दों पर दो दिन चर्चा करेंगे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।