अमेरिका में तीन मुस्लिम छात्रों की हत्या
(International)
अमेरिका के नार्थ कैरोलिना प्रांत में एक बंदूकधारी ने तीन मुस्लिम छात्रों की गोली मारकर हत्या कर दी। मरने वालों में पति व पत्नी के अलावा एक युवती भी शामिल है। इस तिहरे हत्याकांड की वारदात को अंजाम देने वाले हमलावर क्रेग स्टीफन हिक्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अमेरिका में गोलीबारी की घटना आम होती जा रही है। मंगलवार की यह ताजा घटना नार्थ कैरोलिना यूनिवर्सिटी के कैंपस के ठीक बाहर की है। तीनों छात्रों की हत्या की वजह का हालांकि पुलिस ने खुलासा नहीं किया है। मरने वालों की पहचान डीएस बरकत (23), उसकी पत्नी योसर अबू-सलहा (21) और रजन अबू-सलहा के रूप में हुई है। बरकत नार्थ कैरोलिना यूनिवर्सिटी में द्वितीय वर्ष का छात्र था। उसकी पत्नी डेंटल में पढ़ाई करने की योजना बना रही थी। 19 साल की रजन भी इसी यूनिवर्सिटी की छात्रा थी। मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, तीनों की हत्या करने के बाद 46 वर्षीय स्टीफन वहां से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। स्टीफन को डरहम काउंटी जेल में रखा गया है।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।