150 फीट से प्रेमिका को दिया धक्का
(Jaipur, Jaipur) गर्लफ्रेंड को 150 फीट ऊंची चट्टान से धक्का देकर भागने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी युवक ने गर्लफ्रेंड के प्रेगनेंट होने के बाद उसकी हत्या की साजिश रची थी.घटना जयपुर के नाहरगढ़ किले के पास हुई. आरोपी युवक ने पहले लड़की के चेहरे को पत्थर से कूचने की कोशिश की और फिर उसे चट्टान से धक्का दे दिया. बुरी तरह जख्मी 22 वर्षीय युवती इसके बावजूद बच गई, हालांकि उसके शरीर में गंभीर चोटें आईं.करीब 12 घंटे तक खून से लथपथ लड़की वही पड़ी रही. अगली सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को उसकी चीखें सुनाई दीं, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पीड़ित लड़की को एसएमएस हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है. डॉक्टर गर्भ में पल रहे बच्चे को लेकर चिंतित हैं.पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. उस पर हत्या के प्रयास, रेप और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार, पीड़ित लड़की चार माह की गर्भवती है. वह अबॉर्शन नहीं कराना चाहती थी. आरोपी युवक ने उससे शादी करने के बजाय उसकी हत्या की साजिश रच डाली.एसीपी अनिल चौहान ने बताया कि आरोपी नरेंद्र कुमार सब्जी बेचने का काम करता है और नाहरगढ़ इलाके में ही रहता है. जबकि पीड़ित लड़की एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है. दोनों के बीच करीब डेढ़ साल से प्रेम संबंध था. आरोपी ने उससे शादी का वादा करके शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन जब वह प्रेगनेंट हो गई तो वह शादी की बात से पलट गया.


Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।