जयपुर में Mercedes वर्कशॉप में भीषण आग, 8 कारें जलकर खाक; 10 दमकलों ने 2 घंटे में पाया काबू
(Amber, Jaipur) जयपुर के सांगानेर सदर थाना इलाके के सीतापुरा स्थित बालाजी मार्केट में मंगलवार देर रात Mercedes कंपनी के वर्कशॉप में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि वर्कशॉप में खड़ी करीब 8 कारें, एसेसरीज और महंगे पार्ट्स जलकर खाक हो गए। आग से उठने वाला धुआं करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था।

आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोकने के लिए बिजली सप्लाई भी बंद कराई गई। करीब 10 दमकलों ने दो दर्जन से ज्यादा फेरे लगाए और लगभग 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हादसे के समय वर्कशॉप में नई और पुरानी 50 से ज्यादा कारें खड़ी थीं। आग फैलने से पहले दमकलकर्मियों और पुलिस ने कई कारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। फायर ऑफिसर उषा शर्मा ने बताया कि करीब 10 दमकलों की मदद से आग पर काबू पाया गया।

सांगानेर सदर थाना अधिकारी कमलेश शर्मा के अनुसार, कई कारों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया और हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।