अयोध्या दीपोत्सव में दिखेगी सिनेमैटिक रामायण, 22 मिनट का होगा भव्य शो
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH)
अयोध्या, 2 नवंबर। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के नेतृत्व में अयोध्या का सांस्कृतिक और आध्यात्मिक स्वरूप लगातार निखर रहा है। इस बार दसवें भव्य दीपोत्सव में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को तकनीक और कला के अनूठे संगम का अनुभव मिलेगा। राम की पैड़ी पर सरयू नदी के मध्य लगभग 300 फीट लंबा और 50 फीट ऊंचा रामायण थीम पर आधारित भव्य सिनेमैटिक फसाड तैयार किया जा रहा है। इस विशाल संरचना पर अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से रामायण की गाथा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

इस विशेष प्रस्तुति में विशाल एलईडी वॉल और हाई-एंड प्रोजेक्टरों का सटीक समन्वय किया जाएगा। प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर, डायनेमिक लाइटिंग और इमर्सिव साउंड इफेक्ट्स के जरिए रामायण के प्रमुख प्रसंगों को प्रभावशाली दृश्यात्मक स्वरूप दिया जाएगा।

दिल्ली से आई कंपनी 'मॉडर्न स्टेज सर्विस' के प्रतिनिधि के अनुसार, एलईडी वॉल पर हाई-रिजॉल्यूशन विजुअल्स और फसाड पर प्रोजेक्शन मैपिंग के तालमेल से दर्शकों को विशेष सिनेमैटिक अनुभव मिलेगा। लगभग 22 मिनट की इस प्रस्तुति में रामायण की संपूर्ण गाथा को तकनीक के माध्यम से दिखाया जाएगा।

सिनेमैटिक शो के साथ दिल्ली, मुंबई सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए लगभग 150 कलाकार रामायण के अलग-अलग पात्रों का सजीव अभिनय करेंगे। लाइव परफॉर्मेंस, एलईडी वॉल, प्रोजेक्टर, लेजर और लाइटिंग इफेक्ट्स के समन्वय से सरयू तट पर भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति तैयार की जाएगी।

इस बार का सिनेमैटिक फसाड पारंपरिक आस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का प्रयास है। इसके जरिए युवा पीढ़ी को भी रामायण की कथा और अयोध्या के सांस्कृतिक वैभव से जोड़ने की योजना है।

सरकार का उद्देश्य अयोध्या को धार्मिक पर्यटन केंद्र के साथ-साथ विश्वस्तरीय सांस्कृतिक आयोजनों के मंच के रूप में विकसित करना है। राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के बाद शहर में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ऐसे आयोजन पर्यटन को और प्रोत्साहन दे सकते हैं। दसवां दीपोत्सव अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान को नया आयाम देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण आयोजन बनने जा रहा है।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।