चार साल के निचले स्तर से उबरा सोना
(India)
विदेश में कमजोरी के बावजूद निवेशकों और आभूषण निर्माताओं ने कीमती धातुओं में लिवाली की। इससे शनिवार को स्थानीय सराफा बाजार में सोना चार साल के निचले स्तर से उबर गया। यह पीली धातु 350 रुपये चढ़कर 25 हजार 400 रुपये प्रति दस ग्राम पर बंद हुई। इसी प्रकार औद्योगिक यूनिटों और सिक्का निर्माताओं की ओर से मांग निकलने के कारण चांदी भी 100 रुपये सुधरकर करीब पांच साल के निचले स्तर से ऊपर आ गई। इस दिन यह सफेद धातु 34 हजार 50 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई। अमेरिकी अर्थव्यवस्था में सुधार के बीच फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों को बढ़ाए जाने की आशंका है। इसी से कीमती धातुओं की मांग घटी हुई है। निवेशक सोने-चांदी को सबसे सुरक्षित निवेश विकल्प के तौर पर देखते हैं। संकट के समय इनमें मांग बढ़ जाती है। यहां सोना आभूषण के भाव 350 रुपये मजबूत होकर 25 हजार 250 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहे। आठ ग्राम वाली गिन्नी भी 100 रुपये सुधरकर 22 हजार 300 रुपये पर बंद हुई। चांदी साप्ताहिक डिलीवरी 45 रुपये फिसलकर 33 हजार 700 रुपये प्रति किलो पर बोली गई। चांदी सिक्का एक हजार रुपये उछलकर 49000-50000 रुपये प्रति सैकड़ा पर बंद हुआ।














Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।