मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आज राज्य मंत्रिमंडल की बैठक आहूत की गई है। अब तक तैयार कैबिनेट नोट के अनुसार तो 2-3 एजेंडे ही बताए जा रहे हैं, लेकिन आज सुबह सीएम के जयपुर आने पर बड़ा एजेंडा शामिल किए जाने की भी संभावना है। राजीव गांधी जनजाति यूनिवर्सिटी को उदयपुर से बदलकर डूंगरपुर में स्थापित करना कैबिनेट एजेंडे में शामिल हैं। अभी यूनिवर्सिटी में 50 स्टूडेंट्स हैं। अब इसके अधीन डूंगरपुर-बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ के कॉलेजों को सम्बद्ध किया जाएगा। राजस्थान ई-गवर्नेंस आईटी एंड आईटीज नीति-2015 को भी कैबिनेट में रखा जाएगा। अन्य एजेंडा में गैर जरूरी हो चुके 243 कानूनों को हटाना भी शामिल किया जा सकता है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर मार्च 2015 में पुराने और अनुपयोगी नियमों को खत्म करने के लिए एसीएस प्रशासनिक सुधार की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया था। राजस्थान अधिनियम निरसन बिल-2015 तैयार कर लिया गया है। बिल को मंजूरी के लिए आज दोपहर 2.30 बजे होने वाली राज्य कैबिनेट की बैठक में रखा जा सकता है। इस बिल के आगामी 16 सितंबर से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र में पास होने की पूरी उम्मीद है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।