राजस्थान जल संरक्षण मिशन की शुरुआत 13 दिसंबर से प्रदेश के 100 गांवों में एक साथ होगी। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की अध्यक्षता में शनिवार को सीएम आवास पर राजस्थान जल संरक्षण मिशन की कार्य मार्गदर्शिका प्रारूप को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया। राजे ने कहा कि मिशन के अन्तर्गत चयनित गांवों में जल संरक्षण से सम्बन्धित सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण हों, इसकी सुनिश्चितता होनी चाहिए, ताकि जनता को इन कार्यों का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को जल के समुचित उपयोग के बारे में जागरूक कर उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जाए। राजस्थान जल संरक्षण मिशन के अन्तर्गत प्रथम वर्ष में चयनित होने वाले गांवों में 27 जनवरी, 2016 को एक साथ वृहद स्तर पर जल संरक्षण एवं संग्रहण के कार्य शुरू होंगे और 30 जून, 2016 तक इन सभी कार्यों को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा जाएगा। बैठक में मिशन की कार्य मार्ग निर्देशिका के प्रारूप को अंतिम रूप देते हुए इसमें सभी विभागों, व्यापार संगठनों, स्वयं सेवी संस्थाओं, कॉरपोरेट सेक्टर, ट्रस्ट, मीडिया और आमजन की सक्रिय सहभागिता से व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ जल संरक्षण गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। मिशन की सफलता के लिए विषय विशेषज्ञों को सम्मिलित करते हुए आई.ई.सी. सेल गठित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में जल संसाधन मंत्री डॉ. रामप्रताप, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री सुरेन्द्र गोयल, कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री राजकुमार रिणवा, राजस्थान रिवर बेसिन ऑथोरिटी अध्यक्ष श्रीराम विडारे, मुख्य सचिव सीएस राजन सहित संबंधित विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव एवं शासन सचिव मौजूद थे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।