शेयर बाजार में छह दिन बाद लौटी तेजी
(India)
विदेशी बाजारों के मिले-जुले रुझान के बीच घरेलू स्तर पर नीचे भाव पर हुई लिवाली की बदौलत मंगलवार को शेयर बाजार में छह दिन बाद तेजी लौटी। टीसीएस, इंफोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और ओएनजीसी की मजबूती की बदौलत बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स पिछले कारोबारी दिवस के करीब साढ़े चार सप्ताह के निचले स्तर से उबरकर 31.44 अंक अर्थात 0.12 फीसदी चढ़कर 26590.59 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 9.90 अंक यानि 0.12 फीसदी की बढ़त लेकर 8060.70 अंक पर रहा। इस दौरान बैंकिंग, रियल्टी, पूंजीगत वस्तुएं और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स समूह की 0.71 फीसदी की गिरावट को छोड़कर लिवाली के बल पर धातु, ऑटो, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, टेक, पावर, पीएसयू, तेल एवं गैस और आईटी समूह के शेयर 0.05 फीसदी से 0.91 फीसदी तक चढ़े। बीएसई में कुल 2828 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें से 1482 में लिवाली और 1217 में बिकवाली रही जबकि 129 में कोई बदलाव नहीं हुआ। एनएसई में कुल 1439 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें से 771 बढ़त और 599 गिरावट पर रहे, जबकि 69 में स्थिरता रही।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।