चीन में शेयर बाजार में जबरदस्त गिरावट के बाद आधे घंटे में ही बंद हो गया। चीन के सर्किट ब्रेकर का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी हुआ और शुरुआती घंटे में ही सूचकांक 400 से ज्यादा अंक टूटकर 25,000 अंक से नीचे आ गया। चीन के बाजारों में बिकवाली का दौर आज भी जारी रहने से घरेलू बाजारों में भी गिरावट रही। चीन की मुद्रा युआन के अवमूल्यन के बाद लगातार दूसरे दिन वहां भारी गिरावट के चलते कारोबार रोकना पड़ा। चीन का शंघाई शेयर सूचकांक कारोबार के शुरआती दौर में 7.32 प्रतिशत टूट गया। शेयर बाजार में सर्किट ब्रेकर लागू हो गया। चीनी बाजार की इस हालत का असर भारतीय बाजारों पर देखा गया। अमेरिकी डॉलर के समक्ष रुपये की नरमी का भी बाजार पर असर रहा। दुनिया की दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था चीन में आर्थिक वद्धि की धीमी चाल से कारोबारियों की चिंता बढ़ी है। अर्थव्यवस्था की धीमी चाल से चीन की मुद्रा पर भी असर पड़ा है। चीन के केन्द्रीय बैंक ने आज चीनी मुद्रा युआन का 0.51 प्रतिशत अवमूल्यन किया है। इसके बाद एक डालर के समक्ष युआन का मूल्य 6.5646 युआन रह गया। यह मार्च 2011 के बाद डालर के समक्ष युआन का सबसे कम विनिमय मूल्य है। चीन के बाजारों में आई गिरावट के असर से बंबई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक कारोबार के शुरुआती घंटे में 406.54 अंक टूटकर 25,000 से नीचे गिरकर 24,999.79 अंक पर आ गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफटी भी 116 अंक से अधिक गिरकर 7,700 से नीचे आ गया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।