मौसम की तल्खी से पलायन कर रहे हैं विदेशी परिंदे
(India)


धौलपुर में मौसम में यकायक बढ़ी तल्खी और ताल-तलैयों में रीत रहे पानी के कारण विदेशी परिंदे अब यहां से पलायन करने लगे हैं। यह सिलसिला मार्च के पहले सप्ताह में शुरू हो गया है। अब तालाबों पर नाम मात्र के ही परिंदे दिखाई दे रहे हैं। विदेशी खगों की संख्या तो सिर्फ कहने भर को बची है। मौसम की तल्खी ऐसे परिंदों को रास नहीं आ रही है। यही कारण है कि ज्यादातर विदेशी परिंदे यहां से फुर्र हो गए हैं। जिले में अधिकतम तापमान अब 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालांकि हाल ही बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में कमी आई है, लेकिन दिन में चटक धूप परिंदों को नहीं भा रही है। यही कारण है कि खग अब नए ठिकाने की तलाश में यहां से विदा ले गए हैं। फरवरी के अंतिम सप्ताह तक तालाब-ए-शाही, हुसैनपुर तालाब एवं निभी का ताल आदि पर देशी-विदेशी परिंदों की अठखेलियां पर्यटकों को लुभा रही थीं, लेकिन अब यहां सिर्फ देशी परिंदे ही प्यास बुझाने पहुंच रहे हैं। जिले की चम्बल नदी, तालाब-ए-शाही, उर्मिला सागर, हुसैनसागर और आंगई बांध पर अठखेलियां करने वाले गे्र लेग गीज, पेलीकन, फ्लेमिंग, पोचार्ड, कॉमन पोचार्ड, रेड क्रिक्टेड, व्हाइट आईपोचार्ड, बेयर्स डक एवं कस्टिड डक आदि खग यहां से विदा ले चुके हैं। इसकी मुख्य वजह यहां पानी कम होना और तालाबों पर व्यवधान बढना है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।