पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य में जनता दुखी है। ऐसे संकट के समय में कांग्रेस के पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक और वर्तमान जनप्रतिनिधि उनको संभालने के लिए जाएं और हमदर्द बनें। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी इसमें शामिल होंगे। गहलोत ने शनिवार रात को उदयपुर में सर्किट हाउस में कहा कि जनता तक पेंशन से लेकर खाद्य सामग्री तक नहीं पहुंच रही है। गांवों में किसान अकाल की चपेट में है। पानी, दवाइयां और चारे को लेकर भी समस्याएं बढ़ी हैं। आमजन के बीच जाने के लिए पीसीसी भी निर्देश दे सकती है। इससे पूर्व गहलोत का उदयपुर पहुंचने पर पूर्व सांसद रघुवीरसिंह मीणा, देहात अध्यक्ष लालसिंह झाला, कांग्रेस नेता पंकज शर्मा, पन्नालाल मेघवाल आदि ने स्वागत किया। गहलोत व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट के अलग-अलग दौरों और गुटबाजी पर गहलोत बोले, फिर स्पष्ट करता हूं कि कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है। कांग्रेस एकजुट है और आगे भी रहेगी। विधानसभा में गहलोत की भागीदारी के सवाल पर बोले, मैं विधानसभा जाता हूं। विधायक दल की बैठक में सुझाव भी देता हूं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।