सिंडिकेट बैंक घोटाले में दो जने गिरफ्तार
(India)
सीबीआई ने सिंडिकेट बैंक में एक हजार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक सीए सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से सीए की निशानदेही पर उसके एक कर्मचारी के आवास से 66 लाख रुपये बरामद किए हैं। सीबीआई सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सीए का नाम भरत बाम और कारोबारी शंकर खंडेलवाल हैं। दोनों को जयपुर से गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा एक अन्य कारोबारी के यहां भी सीबीआई ने दबिश दी थी, लेकिन वह भूमिगत हो गया। एक हजार करोड़ रुपये की जालसाजी के मामले में सिंडिकेट बैंक के पूर्व जीएम सहित पाचं बैंक अधिकारी शामिल हैं। उनकी भी तलाश की जा रही है। सीबीआई का कहना है कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर सात दिन के लिए रिमांड पर लिया गया है और शुक्रवार को उनसे करीब आठ घंटे तक अलग-अलग पूछताछ की गई। सूत्रों ने बताया कि पूछताछ में सीए भरत बाम ने बताया कि जालसाजी का यह मामला वर्ष 2011 से 2016 के बीच हुआ है। इसमें बैंक के वरिष्ठ अधिकारी और कंपनी के निदेशक शामिल हैं। निदेशकों में पीयूष जैन तथा विनीत जैन के अलावा अन्य भी शामिल हैं। मामले की तफ्तीश से जुड़े एक अधिकारी का कहना है कि एक हजार करोड़ रुपये की जालसाजी में बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, कंपनी निदेशक , सीए तथा अन्य प्राइवेट लोग शामिल हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।