वित्त वर्ष के अंतिम दिन शेयर बाजार सपाट बंद
(India)


वायदा सौदा निपटान पर निवेशकों की लगभग पूरे दिन की तेजी को कोल इंडिया, टाटा स्टील, भारती एयरटेल और एसबीआई जैसी दिग्गज कंपनियों में अचानक हुई भारी बिकवाली ने धो दिया और अंत में सेंसेक्स और निफ्टी सपाट बंद हुये। हालांकि, वित्त वर्ष के दौरान इनमें करीब नौ प्रतिशत गिरावट देखी गई। सेंसेक्स ने 2615.63 अंक यानी 9.36 प्रतिशत तथा निफ्टी ने 8.86 फीसदी अर्थात 752.60 अंक की वार्षिक गिरावट के साथ वित्त वर्ष 2015-16 को अलविदा कहा। वित्त वर्ष 2011-12 के बाद पहली बार घरेलू शेयर बाजार ने निवेशकों को नुकसान दिया है। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 3.28 अंक अर्थात 0.01 फीसदी की मामूली बढ़त लेकर 25341.86 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 3.20 अंक यानि 0.04 फीसदी उठकर 7738.40 अंक पर सपाट रहा। वित्त वर्ष 2014-15 की समाप्ति पर सेंसेक्स 27957.49 अंक और निफ्टी 8491 अंक पर बंद हुआ था। हीरो मोटोकॉर्प, अदानी पोट्र्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, सन फार्मा, इंफोसिस और टीसीएस की एक फीसदी से अधिक की तेजी से दोपहर बाद तक बाजार गुलजार रहा। लेकिन, अंतिम कारोबारी घंटे में भारी बिकवाली के दबाव में ओएनजीसी, एशियन पेंट्स, कोल इंडिया, टाटा स्टील, भारती एयरटेल और एसबीआई के डेढ़ फीसदी से ज्यादा लुढ़कने से इसकी तेजी थम गयी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।