ब्रिटेन के शाही जोड़े ने बापू को दी श्रद्धांजलि
(India)
ब्रिटेन के राजकुमार प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट मिडिलटन ने अपनी भारत यात्रा के दूसरे दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्मारक पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। शाही जोड़ा दिल्ली स्थित तीस जनवरी मार्ग पर स्थित गांधी स्मृति गया और 45 मिनट के दौरे में वहां प्रदर्शित वस्तुएं भी देखी। शाही जोड़े ने संग्रहालय को भी देखा और गांधीजी के निधन के बाद उन्हें भारत के अंतिम वॉयसराय लॉर्ड माउंटबेटन की ओर से दी गई श्रद्धांजलि के बारे में जानने में भी दिलचस्पी दिखाई। विलियम और केट खासतौर पर चरखे के बारे में जानने को उत्सुक दिखाई दिए। गांधी स्मृति के निदेशक दीपंकर श्री ज्ञान ने कहा, वे गांधीजी और उनके जीवन दर्शन के बारे में जानने को जिज्ञासु थे। जब उन्होंने गांधीजी की तस्वीरें देखीं और उनके कक्ष को देखा तो उनकी प्रतिक्रिया थी कि इतना सादा जीवन। यहां पहुंचने पर शाही जोड़े के स्वागत में भारतीय विद्या भवन के 30 छात्रों ने गांधी जी के प्रिय भजन रघुपति राघव राजाराम और वैष्णव जन और ओम तत सत गाया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।