मंगलवार देर रात मेरठ के सैन्य अस्पताल से भागे तेंदुए ने बुधवार को सेना क्षेत्र में जमकर कोहराम मचाया। सवेरे से अब तक तेंदुए के हमले में कम से कम आधा दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है। मंगलवार को सेना अस्पताल में सवेरे करीब पौने आठ बजे पहली बार उस समय तेंदुआ देखा गया था जव अस्पताल के हेल्थ इंस्पेक्टर विष्णु तिवारी अपने ऑफिस का ताला खोल रहे थे। वह तेंदुए के हमले में बाल बाल बच गए थे। भागने के दौरान तेंदुए के पंजे में चोट आ गयी थी। कुछ देर गायब रहने के बाद करीब 12 बजे तेंदुए को अस्पताल में ही एक पीपल के पेड़ पर देखा गया था। तेंदुए को पकड़ने के लिए दिल्ली और बरेली से आयी टीमों ने रात करीब एक बजे डीएम और एसएसपी की मौजूदगी में उस पर ट्रेंकुलाइजर का शॉट मारा। इसके बाद भी वह दीवार फांद कर भाग गया था। अफसरों ने 3 बजे के बाद सर्च अभियान बंद कर दिया था। बुधवार सवेरे तेंदुए के मिलिट्री क्वार्टर की 4 नंबर नयी बिल्डिंग में छिपे होने की जानकारी मिलते ही सेना और प्रशासन की टीम वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंच गयी। परिसर सील कर दिया गया है। एक कमरे में छिपे तेंदुए ने बाहर निकल कर कई लोगोँ पर हमला भी किया। अब तक छह लोगोँ के घायल होने की जानकारी मिली है। सेना के जवान और वन विभाग की टीम तेंदुए को घेरने की कोशिश कर रहे हैँ। 4 घायलों को सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।