देश के संविधान निर्माता डॉ बी आर अम्बेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली महू में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशव्यापी ग्राम उदय से भारत उदय अभियान की शुरुआत की। अम्बेडकर की जयंती पर महू के कालीपल्टन क्षेत्र में स्थित उनकी जन्मस्थली पर बने अम्बेडकर स्मारक पर आने वाले नरेन्द्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं। पीएम ने स्मारक में डॉ अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर देश के संविधान निर्माता को श्रद्धासुमन अर्पित किए, जिसके बाद उन्होंने पूरे स्मारक में घूम कर वहां रखी डॉ अंबेडकर से जुडी सभी निशानियों और तस्वीरों का अवलोकन किया। स्मारक की देखरेख से जुडे कार्यकर्ताओं ने उन्हें वहां रखी एक-एक चीज के बारे में जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान भी उनके साथ मौजूद रहे। पीएम मोदी ने अपने प्रधानमंत्री बनने का श्रेय अम्बेडकर को दिया। उन्होंने कहा कि दूसरे के घरों में बर्तन धोने वाली मां का बेटा पीएम बन गया यह अंबेडकर की देन है। पीएम मोदी ने महू में कहा कि बाबा साहब अम्बेडकर संकल्प का दूसरा नाम थे। उन्होंने कहा कि अम्बेडकर की जन्मस्थली आना सौभाग्य की बात है। अम्बेडकर के लिए उन्होंने कहा कि अपमानित होकर भी बाबा साहब ने समाज के पिछड़ों के लिए काम किया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।