प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 29 अप्रैल को बनारस आ रहे हैं। भाजपा संगठन के पास उनके आगमन की औपचारिक सूचना आ गई है। प्रधानमंत्री इस बार के बनारस प्रवास के दौरान तीन मुख्य कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इनमें सबसे प्रमुख संकटमोचन संगीत समारोह है। यह समारोह 26 अप्रैल से शुरू हो रहा है। प्रधानमंत्री इसके पहले 22 फरवरी को अपने संसदीय क्षेत्र में आए थे। उस दिन उन्होंने सीरगोवर्द्धनपुर में आयोजित संत रविदास जयंती के अलावा बीएचयू के जन्मशताब्दी वर्ष के दीक्षांत समारोह में शिरकत की थी। इस बार उनका महत्वपूर्ण कार्यक्रम संकटमोचन संगीत समारोह होगा। इस समारोह में शामिल होने के बाबत उन्होंने पिछले वर्ष सदिच्छा जताई थी। मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र ने मोदी को इस वर्ष के समारोह में शामिल होने के लिए पहले ही न्योता भेज दिया था। इसकी औपचारिक स्वीकृति प्रधानमंत्री कार्यालय से मिल चुकी है। प्रसिद्ध संकटमोचन संगीत समारोह इस बार छह दिन का होगा। 26 अप्रैल से 1 मई तक चलनेवाले संगीत मेले में पंडित जसराज, हरिप्रसाद चैरसिया, विश्वमोहन भट्ट, शिवमणि, कविता कृष्णमूर्ति, सोमा घोष समेत 42 दिग्गज कलाकार शामिल होंगे। उस्ताद गुलाम अली के भी आने की संभावना है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।