देश की पहली बुलेट ट्रेन से मुंबई से अहमदाबाद जाने वाले यात्री समुद्र के अंदर यात्रा करने का रोमांच अनुभव कर सकेंगे। महत्वाकांक्षी बुलेट टे्रन परियोजना में शामिल रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुंबई से अहमदाबाद के बीच 508 किमी लंबे रेल कॉरीडोर में समुद्र के अंदर करीब 21 किमी की सुरंग होगी, जिसमें से टे्रन गुजरेगी। परियोजना रिपोर्ट के मुताबिक, इस रेल कॉरीडोर के ज्यादातर हिस्से को ऊंचे ट्रैक पर बनाने का प्रस्ताव है, लेकिन ठाणे के बाद विरार की ओर जाने पर यह कॉरीडोर समुद्र के अंदर बनी सुरंग से गुजरेगा। परियोजना की कुल अनुमानित लागत 97,636 करोड़ है। इसमें करीब 81 प्रतिशत ऋण जापान दे रहा है। अधिकारी ने बताया कि यह ऋण 0.1 प्रतिशत सालाना ब्याज दर से 50 साल के लिए है। हालांकि, 15 वर्ष तक कोई ऋण वसूली नहीं होगी। ऋण समझौते के मुताबिक, रेल के डिब्बे, इंजन और सिग्नल एवं बिजली प्रणाली जैसे अन्य उपकरण जापान से आयात किए जाएंगे। यह समझौता दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है, जबकि इस रेल कॉरीडोर का निर्माण 2018 के अंत तक शुरू हो जाएगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।