सेंसेक्स 159.21 अंक टूटा
(India)

अमेरिकी फेडरल रिजर्व तथा बैंक ऑफ जापान की बैठक से पहले विदेशी बाजारों से मिले नकारात्मक संकेत के कारण आज सेंसेक्स आधा फीसदी से ज्यादा लुढ़क गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 159.21 अंक टूटकर 25678.93 अंक पर बंद हुआ। जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.56 फीसदी अर्थात् 44.25 अंक फिसलकर 7855.05 अंक पर आ गया जो दोनों का 13 अप्रैल के बाद का निचला स्तर है। ब्याज दर तय करने के लिए जिम्मेदार अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओपेन मार्केट कमेटी की दो दिवसीय बैठक कल शुरू हो रही है। बुधवार को ब्याज दर बढ़ाने को लेकर फेडरल रिजर्व कोई फैसला सुनाएगी। बाजारों में चैतरफा बिकवाली का दबाव रहा। बीएसई के 20 समूहों में आईटी, टेक और दूरसंचार को छोड़कर शेष सभी गिरावट में रहे। सेंसेक्स की 30 से 20 कंपनियों के शेयर लाल निशान में बंद हुये। निफ्टी की 50 में से 29 कंपनियों के शेयर टूटे। सेंसेक्स की शुरुआत मजबूत रही। यह 52.89 अंक चढ़कर 25891.03 अंक पर खुला जो इसका दिवस का उच्चतम स्तर भी रहा क्योंकि तुरंत ही इसमें गिरावट शुरू हो गई। लगभग सभी प्रमुख विदेशी बाजारों के लाल निशान में रहने के कारण घरेलू स्तर पर भी निवेश धारणा कमजोर रही। एक बार लुढ़कने के बाद फिर बाजार सँभल नहीं पाया। आखिरी घंटे में 25585.93 अंक के दिवस के निचले स्तर को छूने के बाद कारोबार की समाप्ति पर यह गत दिवस की तुलना में 159.21 अक नीचे 25678.93 अंक पर रहा। यह सेंसेक्स की लगातार दूसरे कारोबारी दिवस की गिरावट है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।