सीबीआई ने पूर्व वायु सेना प्रमुख एस पी त्यागी और पूर्व उप वायु सेना प्रमुख जे एस गुजराल को अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकॉप्टर सौदे में कथित भ्रष्टाचार की जांच के सिलसिले में तलब किया है। सीबीआई सूत्रों ने बताया कि जहां एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) गुजराल को शनिवार को पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा गया है, वहीं त्यागी से सोमवार को पूछताछ की जाएगी। दोनों से 2013 में विस्तार से पूछताछ की गई थी लेकिन नए दौर के पूछताछ की आवश्यकता एक इतालवी अदालत के सात अप्रैल के आदेश के बाद हुई। मिलान की अपीलीय अदालत ने इस बात का ब्योरा दिया है कि कैसे हेलीकॉप्टर निर्माता फिनमेकैनिका और अगस्ता वेस्टलैंड ने सौदा हासिल करने के लिए बिचैलियों के जरिए भारतीय अधिकारियों को कथित तौर पर रिश्वत दी। अदालत ने अपने आदेश में कई बिंदुओं पर त्यागी के नाम का उल्लेख किया है।सीबीआई को मिलान की अदालत के आदेश की प्रति मिल गई है जिसके आधार पर उसने त्यागी और गुजरात से पूछताछ करने के लिए नयी प्रश्नावली तैयार की है। त्यागी ने अपने खिलाफ आरोपों का खंडन किया है और दावा किया कि सीमा को कम करने का फैसला गुजराल समेत वरिष्ठ अधिकारियों के एक समूह ने किया था। सीबीआई ने अब तक कहा है कि गुजराल से एक गवाह के तौर पर पूछताछ की गई है लेकिन इस बात पर चुप्पी साध ली कि क्या उनका दर्जा वही बरकरार रहेगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।