उत्तराखंड के साथ हिमाचल के जंगलों में लगी आग रविवार रात कसौली स्थित एक बोर्डिंग स्कूल तक जा पहुंची। प्रशासन ने ऐहतियातन बच्चों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है। हिमाचल के अलावा आग ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी स्थित जंगल को भी चपेट में ले लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, कसौली के पाइनग्रोव स्कूल के परिसर तक आग पहुंच गई थी। एक घंटे की मशक्कत के बाद इस पर काबू पाया गया। वहीं, शिमला संभाग के करीब 15 स्थानों पर आग लगी हुई है। राज्य के सीएम वीरभद्र सिंह ने रविवार को रामपुर में कहा कि शिमला के ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च तापमान और जगंलों में गिरे सूखे पत्तों की वजह से आग लग रही है। इससे 50 से 60 हेक्टेयर में लगे जंगल जल गए हैं। आग पर काबू पाने की तमाम कोशिशें की जा रही है। उधर, उत्तराखंड के संबंध में पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बताया कि जिन 1200 जगहों पर आग लगी थी, उनमें से अब सिर्फ 60 जगहों पर रह गई है। आग बुझाने में जुटी एजेंसियों के लिए राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने परसों तक उत्तराखंड में हल्की बारिश का अनुमान लगाया है। प्रदेश के 13 जिले आग की चपेट में हैं। यहां अब तक सात की मौत और करीब 3185 हेक्टेयर जंगल तबाह हो चुका है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।