हेलीकॉप्टर घूसकांड मामले में सीबीआई आज दोबारा पूर्व वायुसेना प्रमुख एसपी त्यागी से पूछताछ करने वाली है। उन पर अपने रिश्तेदारों के जरिए घूस लेने का आरोप है। उन्होंने अपने रिटायरमेंट के बाद दो बार इटली की यात्रा की थी जिस पर सीबीआई को संदेह है। त्यागी ने सीबीआई को बताया कि उन्होंने 2008 और 2009 में इटली की यात्राएं की थीं। 2007 में वे रिटायर हुए थे। त्यागी ने इटली के तीन शहरों की यात्राएं कीं। सीबीआई ये जानने का प्रयास कर रही है कि क्या ये यात्राएं डेलीकॉप्टर डील से संबंधित थीं। गौरतलब है कि मिलान कोर्ट ऑफ अपील्स ने फिनमेक्कानिका के पूर्व प्रमुख गिउसेप्पी ओर्सी को भारत से 3600 करोड़ रुपये में 12 वीवीआईपी हेलीकॉप्टरों के सौदे में गलत हिसाब-किताब और भ्रष्टाचार के लिए साढ़े चार साल कैद की सजा सुनाई थी। वहीं फिनमेक्कानिका की हेलीकॉप्टर निर्माण इकाई अगस्ता वेस्टलैंड के पूर्व सीईओ ब्रूनो स्पागनोलिनी को चार साल कैद की सजा सुनाई गयी है। भारत ने एक जनवरी, 2014 को अगस्तावेस्टलैंड के साथ 12 एडब्ल्यू 101 वीवीआईपी हेलीकॉप्टरों की आपूर्ति भारतीय वायु सेना को करने के करार को रद्द कर दिया था। सौदा पाने के लिए कंपनी द्वारा रिश्वत देने के आरोपों के बाद इसे रद्द किया गया था। तत्कालीन संप्रग सरकार ने फिनमेक्कानिका और उसके समूह की कंपनियों को रक्षा मंत्रालय के किसी नये कार्यक्रम में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया था।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।