मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार में शराबबंदी लागू होना नारी शक्ति की सफलता है। मंगलवार को सहरसा स्टेडियम में जीविका की महिलाओं से संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि जहां भी अवैध रूप से शराब बनाने की सूचना मिलती है, सामूहिक रूप से भट्ठी तोड़ दें। सरकार उनके साथ रहेगी। कोसी क्षेत्र के तीन जिले सहरसा, मधेपुरा व सुपौल से आईं करीब आठ हजार महिलाओं से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू कर बिहार ने बापू (महात्मा गांधी) के सपने को साकार किया है। इससे बड़ा सामाजिक परिवर्तन और क्या होगा? इसका असर दिखने भी लगा है। करीब 40 मिनट के संबोधन में सीएम ने शराब कारोबारियों को सख्त तेवर में चेताया। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों की सीमा पर शराब की अधिक दुकानें खुलने की बात सामने आ रही हैं। शराब कारोबारी चाहते हैं पड़ोसी राज्यों से बिहार में कारोबार चलाएंगे। हम ऐसा नहीं होने देंगे। ऐसा माहौल बन रहा है कि पड़ोसी राज्य झारखंड और यूपी को भी शराबबंदी कानून लागू करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में ताड़ के रस को बोतलबंद पेय पदार्थ के रूप में सरकार लोगों को उपलब्ध कराएगी। ताड़ी पर राजनीति करने वालों को नीतीश ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि एक समुदाय को ताड़ी बेचने के नाम पर बहकाने की साजिश कामयाब नहीं होने देंगे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।