शेयर बाजारों में गिरावट जारी
(India)
शुरुआती बढ़त के बाद विदेशी बाजारों से मिले नकारात्मक संकेतों के दबाव में घरेलू शेयर मंगलवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट में रहे। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 207.27 अंक लुढ़ककर 12 मार्च के बाद के निचले स्तर 25229.70 अंक पर आ गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 58.90 अंक गिरकर तीन सप्ताह के निचले स्तर 7747 अंक पर बंद हुआ। सोमवार को सेंसेक्स 169.65 अंक और निफ्टी 43.90 अंक लुढ़का था। सेंसेक्स ने कारोबार की शुरुआत सोमवार के बंद भाव के मुकाबले करीब 63 अंक मजबूत होकर 25500.14 अंक पर की। पहले आधे घंटे के दौरान ही यह दिवस के उच्चतम स्तर 25705.96 अंक पर पहुंच गया। लेकिन, एशियाई बाजारों की शुरुआती तेजी खोने तथा यूरोपीय बाजारों में बड़ी गिरावट के कारण दोपहर बाद घरेलू बाजारों में भी बिकवाली शुरू हो गई। सेंसेक्स 25203.32 अंक के दिवस के निचले स्तर को छूता हुआ अंततरू गत दिवस के मुकाबले 207.27 अंक कमजोर रहकर 25229.70 अंक पर बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी भी शुरुआती कारोबार में हरे निशान में 7824.80 अंक पर खुला तथा 7890.25 अंक के दिवस के उच्चतम स्तर तथा 7735.15 अंक के दिवस के निचले स्तर को छूता हुआ सोमवार के मुकाबले 58.90 अंक कमजोर रहकर 7747 अंक पर बंद हुआ। एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 3.11 प्रतिशत तथा हांगकांग का हैंगसेंग 1.85 प्रतिशत गिर गया। वहीं, चीन के शंघाई कंपोजिट में 1.87 प्रतिशत तथा दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 0.42 प्रतिशत की तेजी रही।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।