जेएनयू में वामपंथी छात्रों की भूख हड़ताल सातवें दिन भी जारी
(India)




जेएनयू प्रशासन से अपनी मांगों को मनवाने के लिए वामपंथी छात्रों के गुट की भूख हड़ताल सातवें दिन भी जारी है। भूख हड़ताल का असर छात्रों के स्वास्थ्य पर साफ नजर आ रहा है। जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष बार-बार बेहोश हो रहे हैं। कन्हैया का 6 किलोग्राम से अधिक वजन भी घट गया है। एक छात्र ने बताया कि भूख हड़ताल पर बैठे सभी छात्रों का कीटोन स्तर बढ़ रहा है जबकि रक्तचाप कम हो रहा है। इस गुट के 17 छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से भूख हड़ताल पर बैठे सभी छात्रों की दिन में दो बार स्वास्थ्य जांच होती है। इस गुट के विद्यार्थियों का कहना है कि जब उच्चस्तरीय जांच कमेटी का गठन ही सही नहीं है तो उसके द्वारा दी गई सजा कैसे सही हो सकती है। विद्यार्थियों की मांग है कि छात्रों को जो सजा दी गई है उसे तुरंत वापस लिया जाए। जेएनयू छात्र संघ के महासचिव रामा नागा का कहना है कि जब तक हमारी सभी मांगें नहीं मानी जाती हैं, हमारी भूख हड़ताल और संघर्ष जारी रहेगा। रामा ने बताया कि अपने पक्ष की बात छात्रों तक पहुंचाने के लिए वे मेस में प्रचार शुरू करेंगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।