पश्चिम बंगाल में अंतिम चरण के लिए मतदान जारी
(India)
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के तहत आज छठा और अंतिम चरण का मतदान हो रहा है। 25 सीटों के लिए हो रही वोटिंग में शुरुआती दो घंटे में ही 23.46 फीसदी मतदान की सूचना है। आज पूर्वी मिदनापुर और कूचबिहार जिलों में मतदान हो रहा है। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक 6,774 मतदान केंद्रों पर होने वाले मतदान में 58 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। अंतिम चरण के चुनाव के लिए 18 महिलाओं समेत कुल 170 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। कड़े सुरक्षा इंतजाम करते हुए चुनाव पैनल ने केंद्रीय बलों की 361 कंपनियां तैनात की हैं, जिन्हें राज्य पुलिस बल के 12,000 जवानों की मदद मिल रही है। चुनाव वाले दिन लोगों के किसी भी प्रकार के गैरकानूनी जमावड़े को रोकने के लिए सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा और इन आदेशों को सख्ती से लागू करने की घोषणा की गई है। कुल मतदाताओं में से 27.8 लाख महिलाएं हैं और 68 मतदाता तीसरे लिंग वाली श्रेणी में हैं। पिछले कुछ घंटों में दोनों जिलों में कई जगहों पर गरज के साथ छींटें पड़ने से मौसम खुशगवार रहने का अनुमान है। बहरहाल, मौसम विभाग के कर्मियों ने विशेष तौर पर कूचबिहार जिले में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।