छत्तीसगढ़ में बस पुल से गिरी
(India)

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में रायपुर जा रही एक यात्री बस पुल से नीचे गिर गई। इसमें 13 यात्रियों की मौत हो गई जबकि 53 अन्य घायल हो गए। बलरामपुर जिले के पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दलधोवा घाट के करीब यात्री बस एक सूखे नाले पर बने पुल से नीचे गिर गई। यह बस झारखंड के गढ़वा से रायपुर जा रही थी। बस जब बलरामपुर जिला मुख्यालय से निकल कर रायपुर की ओर आ रही थी, तभी अचानक दलधोवा घाट के करीब बस के सामने एक मोटरसाइकिल सवार आ गया। इससे बस चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और बस पुल से नीचे जा गिरी। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने फौरन राहत कार्य शुरू किया। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार 13 लोगों की मौत हो गई है जबकि 16 और की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घायलों को बलरामपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना पर मुख्यमंत्री रमन सिंह ने गहरा शोक जताया है। साथ ही जिला प्रशासन को सभी घायलों को उचित चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश भी जारी किए हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।