वैश्विक वृद्धि को लेकर चिंता के बीच शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट रही और बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 127.97 अंक टूटकर तीन सप्ताह के निचले स्तर 25,101.73 अंक पर बंद हुआ। जिंस तथा औद्योगिक शेयर सर्वाधिक प्रभावित हुए। बीएसई का मझोली कंपनियों का सूचकांक 1.22 प्रतिशत तथा लघु कंपनियों का सूचकांक 0.98 प्रतिशत घट गया। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में 10 पैसे से अधिक की गिरावट का भी बाजार पर असर पड़ा। जियोजीत बीएनपी परिबा फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, वैश्विक वृद्धि दर के अनुमान में कमी तथा तेल कीमतों में अस्थिरता से वैश्विक बाजार में घबराहट है तथा इसका प्रभाव घरेलू बाजार पर भी पड़ा। औद्योगिक खंड से अदाणी पोटर्स एंड स्पेशल इकोनामिक जोन सर्वाधिक 11.98 प्रतिशत लुढ़ककर 207.65 पर पहुंच गया। अमेरिका में पिछले महीने जगुआर लैंड रोवर की बिक्री गिरने से टाटा मोटर्स का शेयर 6.76 प्रतिशत घटकर 381.80 रुपये पर आ गया। इस बीच, पीएमआई के मासिक सर्वे के अनुसार सेवा क्षेत्र में नये व्यापार प्रवाह में धीमी वृद्धि तथा विनिर्माताओं के आर्डर में स्थिरता के बीच देश में निजी क्षेत्र की गतिविधियां अप्रैल में नरम रही।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।