सुब्रत रॉय को चार सप्ताह की पैरोल
(India)
करीब दो साल से अधिक समय तक बंद रहे सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय शुक्रवार रात नौ बजे के बाद तिहाड़ जेल से कस्टडी पैरोल पर छूट गए। वह जेल नंबर एक में बंद थे। सहारा प्रमुख की सुरक्षा के साथ-साथ उन पर 24 घंटे नजर रखने के लिए एक उप -निरीक्षक सहित पांच पुलिस कर्मी उनके साथ तैनात रहेंगे। सभी को सादे कपड़ों में रहने के लिए कहा गया है। उच्चतम न्यायालय ने सहारा प्रमुख की मॉं छवि राय के निधन और उनके अंतिम संस्कार के लिए चार सप्ताह की पैराल दी है। शाम को अदालत से आदेश मिलने के बाद तिहाड़ जेल अधिकारियों ने सहारा प्रमुख को आठ बजे के बाद तिहाड़ से बाहर जाने दिया। सुब्रत रॉय को लेने के लिए उनकी 50-60 परिचित और कंपनी के लोग तिहाड़ जेल के बाहर मौजूद थे। पहले कहा जा रहा था कि उन्हें जेल नंबर एक से बाहर निकाला जाएगा , लेकिन कुछ देर बाद जानकारी दी गई कि वह चार नंबर से निकलेंगे। उनके बाहर निकलने के इंतजार में उनकी कंपनी के कुछ लोग कारों में तिहाड़ की चारदीवारी के चक्कर लगा रहे थे, क्योंकि मीडिया से बचने के लिए उन्हें चुपचाप किसी भी रास्ते से बाहर निकालने की सूचना उन तक पहुंची थी। तिहाड़ जेल के डीआईजी मुकेश प्रसाद का कहना है कि राय रात करीब नौ बजे के बाद बाहर निकले।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।