अगस्तावेस्टलैंड मामले में त्यागी के भाइयों से पूछताछ
(India)

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भारतीय वायुसेना के पूर्व अध्यक्ष एस. पी. त्यागी के तीन चचेरे भाइयों से लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी पूछताछ की। 3600 करोड़ रुपये के अगस्तावेस्टलैंड सौदे में कथित दलाली के संबंध में इन तीनों के अलावा शहर के एक वकील गौतम खेतान से भी जांच एजेंसी ने पूछताछ की है। त्यागी के तीन भाई संजीव, राजीव और संदीप से सीबीआई के दिल्ली स्थित मुख्यालय में आठ घंटे से भी अधिक समय तक पूछताछ की गई। सीबीआई सूत्रों ने कहा कि एजेंसी ने एस. पी. त्यागी को पूछताछ के लिए सोमवार को फिर अपने मुख्यालय में बुलाया गया है। त्यागी से सोमवार से बुधवार तक सीबीआई ने पूछताछ की थी। पूर्व वायुसेना प्रमुख से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी बृहस्पतिवार को पूछताछ कर चुका है। अगस्ता मामले में पूछताछ के लिए सीबीआई ने आईडीएस इंफोटेक लि.(भारत) के अध्यक्ष प्रताप कुमार अग्रवाल और एरोमैट्रिक्स इंफो सोल्यूशन प्राइवेट लि. के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रवीण बक्शी को भी पूछताछ के लिए मुख्यालय में उपस्थित होने को कहा है। अगस्तावेस्टलैंड सौदे में सीबीआई ने वर्ष 2013 में दर्ज प्राथमिकी में फिनमेकेनिका, अगस्तावेस्टलैंड, आईडीएस इंफोटेक लि.(भारत) और एरोमैट्रिक्स इंडिया को नामजद किया था। प्राथमिकी में एस. पी. त्यागी और उनके चचेरे भाइयों सहित कुल 13 लोगों के नाम हैं। इनमें अगस्ता सौदे के यूरोपीय दलाल भी शामिल हैं। पूर्व वायुसेना प्रमुख इटली और भारत दोनों जगह आरोपी हैं। इन पर अगस्तावेस्टलैंड को हेलीकाप्टर आपूर्ति का ठेका देने के लिए हेलीकॉप्टर के उड़ने की क्षमता अधिकतम ऊंचाई छह हजार मीटर को घटाकर साढ़े चार हजार मीटर करने का आरोप है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।