उत्तराखंड में बहुमत परीक्षण आज
(India)
उत्तराखंड में पिछले पौने दो महीने से चली आ रही राजनीतिक उठापटक और कानूनी दांवपेचों के बीच सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर राज्य विधानसभा में मंगलवार सुबह 11 बजे होने वाले शक्ति परीक्षण की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं, जिसमें अपदस्थ मुख्यमंत्री हरीश रावत की किस्मत का फैसला होगा। हालांकि, गत 18 मार्च को हरीश रावत के खिलाफ बगावत कर उत्तराखंड में सियासी घमासान की शुरूआत करने वाले नौ बागी कांग्रेस विधायकों को सुप्रीम कोर्ट द्वारा कल होने वाले शक्ति परीक्षण में हिस्सा नहीं लेने का निर्णय देने से सदन की प्रभावी क्षमता घटकर 62 और बहुमत का आंकड़ा 32 हो गया है। इस बीच, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हो रहे इस शक्ति परीक्षण के लिये बुलाये गये विशेष सत्र हेतु सुरक्षा सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। उधर, अपदस्थ मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बागियों पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि न्यायपालिका ने उन्हें न्याय दिया है ओर कल विधानसभा में भी उनके साथ न्याय होगा। रावत ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, यह न्याय की जीत है। न्यायपालिका से हमें न्याय मिला है और कल विधानसभा पटल पर भी हमें न्याय मिलेगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।