पिछले दो सप्ताह की गिरावट के बाद नीचे भाव पर हुई चैतरफा लिवाली से सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में लगभग चार सप्ताह की सबसे बड़ी एकदिनी तेजी दर्ज की गई। बीएसई का सेंसेक्स 1.82 प्रतिशत यानी 460.36 अंक चढ़कर 25688.86 अंक पर तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1.71 अंक अर्थात 132.60 अंक की छलांग लगाकर 7866.05 अंक पर पहुंच गया। यह दोनों शेयर बाजारों का 27 अप्रैल के बाद का उच्चतम स्तर है। विदेशी बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच सेंसेक्स 93.33 अंक की तेजी में 25321.83 अंक पर खुला। शुरुआती कारोबार में 25302.86 अंक के दिवस के निचले स्तर को छूने के बाद इसकी बढ़त लगातार मजबूत होती गई। कारोबार की समाप्ति से कुछ देर पहले ही 25709.68 अंक के दिवस के उच्चतम स्तर से होता हुआ यह गत कारोबारी दिवस के मुकाबले 460.36 अंक ऊपर 25688.86 अंक पर बंद हुआ। यह 12 अप्रैल के बाद की सबसे बड़ी एकदिनी तेजी है। इस बीच अमेरिका में गत शुक्रवार को रोजगार के कमजोर आर्थिक आंकड़े आने से भी घरेलू बाजार में धारणा मजबूत रही। निफ्टी भी 21.80 अंक की तेजी में 7755.25 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान 7753.55 अंक के दिवस के निचले तथा 7873.65 अंक के उच्चतम स्तर को छूता हुआ यह पिछले कारोबारी दिवस की तुलना में 132.60 अंक चढ़कर 7866.05 अंक पर रहा। यह निफ्टी में भी 12 अप्रैल के बाद की सबसे बड़ी तेजी है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।