बिहार में जदयू एमएलसी मनोरमा देवी के खिलाफ उनके घर में शराब मिलने के मामले में बुधवार को गिरफ्तारी का वारंट जारी किया गया है। जिला पुलिस ने उत्पाद विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद कोर्ट से गिरफ्तारी का वारंट जारी करने की अर्जी दी थी। इससे पूर्व इस मामले में बुधवार की सुबह जिला व पुलिस प्रशासन और उत्पाद विभाग की मौजूदगी में उनका घर सील कर दिया गया। प्रथम मंजिल से लेकर मुख्य दरवाजे तक छह सीलें लगायी गई हैं। मंगलवार की सुबह से ही एमएलसी भूमिगत हो गई हैं। एमएलसी मनोरमा के बेटे रॉकी यादव द्वारा छात्र आदित्य की गोली मारकर हत्या किये जाने के मामले में पुलिस व प्रशासन पूरे परिवार पर चैतरफा शिकंजा कस रही है। बुधवार की सुबह नौ बजे सदर एसडीओ विकास कुमार जयसवाल के नेतृत्व में टीम एमएलसी मनोरमा देवी के एपी कॉलोनी स्थित घर पहुंची। घर में उस वक्त दो नौकर ललन व देवनंदन थे। टीम ने दोनों नौकरों से एमएलसी के बारे में पूछा। जब बताया गया कि घर में उन दोनों के अलावा कोई नहीं है। तब घर के उपरी मंजिल व ग्राउंड फ्लोर के सभी कमरों को चेक किया गया। उसके बाद अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे घर में छह सीलें लगायी गईं। मालूम हो कि आदित्य हत्याकांड के मुख्य आरोपित रॉकी की एमएलसी मनोरमा देवी मां हैं। रॉकी की गिरफ्तारी के लिए सोमवार की देर रात हुई छापेमारी में एमएलसी के घर के उपरी मंजिल से छह विदेशी शराब की बोतलें व अन्य सामान बरामद की गई थी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।