गोधरा ट्रेन कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
(India) वर्ष 2002 के गोधरा ट्रेन कांड में मुख्य आरोपी को गुजरात एटीएस ने 14 साल तक फरार रहने के बाद आज गिरफ्तार कर लिया। गोधरा ट्रेन कांड में 59 कार सेवक मारे गए थे। इस ट्रेन कांड के बाद राज्य में बड़े पैमाने पर दंगे भड़क उठे थे। एक एटीएस अधिकारी ने बताया कि फारूख मोहम्मद भाणा मुख्य आरोपियों में से एक है जिसने 27 फरवरी 2002 को गोधरा ट्रेन स्टेशन पर ट्रेन को आग लगाने की साजिश रची थी। आतंकवाद रोधी दस्ते के अधिकारियों के अनुसार, घटना के समय भाना गोधरा में पार्षद था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह मुंबई चला गया और वहां जाकर प्रोपर्टी ब्रोकर बन गया। एटीएस के एक अधिकारी ने बताया, एक गुप्त सूचना के आधार पर हमने पंचमहल जिले में कलोल कस्बे के समीप एक टोल प्लाजा से भाणा को पकड़ लिया। आज वह मुंबई से गोधरा जा रहा था। वह गोधरा कांड का मुख्य साजिशकर्ता है। प्राथमिकी में फारूख मोहम्मद भाणा पर आरोप लगाया गया है कि गोधरा रेलवे स्टेशन के समीप अमन गेस्ट हाउस में अन्य आरोपियों के साथ बैठक के दौरान उसने एस 6 कोच को आग के हवाले करने की साजिश रची थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।