जम्मू-कश्मीर के हिमालय पर्वतों की हालिया भौगोलिक मैपिंग में कहा गया है कि राज्य में रिक्टर पैमाने पर आठ या इससे ज्यादा तीव्रता का भीषण भूकंप आ सकता है। इससे लाखों लोगों की जिंदगियां खतरे में पड़ सकती हैं। वैज्ञानिकों को जम्मू-कश्मीर में रियासी फाल्ट के बारे में पता है, लेकिन उन्होंने दूसरे सक्रिय फाल्ट सिस्टम की वजह से इसे खतरे के रूप में नहीं देखा था। हालांकि, पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) के बालकोट-बाग फाल्ट में वर्ष 2005 में आए 7.6 तीव्रता के भूकंप के बाद शोधकर्ताओं ने क्षेत्र के अन्य फाल्ट सिस्टम की जांच की थी। वर्ष 2005 के भूकंप से पहले बालकोट-बाग फाल्ट को भी खतरनाक नहीं माना जाता था। वैज्ञानिकों ने पाया कि रियासी फाल्ट ने कुछ समय से दबाव बनाना शुरू कर दिया है। इससे यह संकेत मिल रहा है कि जब वह इस दबाव को छोड़ता है, तो इसके कारण आने वाला भूकंप भीषण हो सकता है, जिसकी तीव्रता आठ या इससे अधिक हो सकती है। अमेरिका के ओरेगन स्टेट विश्वविद्यालय में शोधार्थी के रूप में काम कर चुके इस अध्ययन के प्रमुख लेखक यान गेविलट ने कहा, हमने यह जानने की कोशिश की कि फाल्ट पिछले दस हजार साल में कितना हटा है। इसके हटने पर इसके विभिन्न हिस्से किस तरह हिले हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।