आतंकी लखवी पर चलेगा पाकिस्तान में मुकदमा
(India)

26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले को अंजाम देकर 166 लोगों का हत्यारा लश्कर ए तैयबा के सरगना जकीउर रहमान लखवी पर मुकदमा चलाने की तैयारी पाकिस्तान कर रहा है। बताया जा रहा है कि वहां की आतंकवाद निरोधी अदालत ने यह फैसला लिया और अगली सुनवाई 25 मई को होगी। लखवी और छह अन्य आरोपियों पर आतंकी हमले में मारे गए लोगों में प्रत्येक की हत्या के लिए उकसाने का अलग-अलग मुकदमा चलाया जाएगा। एक अधिकारी ने बताया कि अदालत ने इस मामले में आरोपियों से जिरह की इजाजत नहीं दी है। अभियोजन ने करीब दो महीने पहले अर्जी देकर हमले में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति की हत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाने की मांग की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी शामिल करने को कहा था। पाक अदालत में मुंबई आतंकी हमले मामले में देरी हुई क्योंकि पिछली सात सुनवाई में कोई कार्यवाही ही नहीं हुई। मामले की अगली सुनवाई 25 मई को होनी है। पाक देरी को लेकर भारत को जिम्मेदार ठहराता रहा है। उसका कहना है कि वे तब तक आगे नहीं बढ़ सकते जब तक भारत सभी 24 गवाह को बयान दर्ज कराने के लिए यहां नहीं भेजती। पाक ने तीन माह पहले पत्र लिख कर गवाहों को भेजने को कहा था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।