थाईलैंड के बौद्ध मंदिर में 40 शावकों के शव मिलने से सनसनी
(India)
अवैध प्रजनन और पशु तस्करी के आरोपों का सामना कर रहे थाईलैंड के एक बौद्ध मंदिर में बुधवार को बाघ के 40 शावकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। इन शावकों को एक फ्रीजर में छिपाकर रखा गया था। इस खुलासे के बाद थाई सरकार ने टाइगर टेंपल को बंद करने का संकेत दिया है। थाई नेशनल पार्क के अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी कंचनाबुरी स्थित वाट फा लुआंग ता बुआ मंदिर से बाघों को हटाए जाने के दौरान 40 शावकों के शव मिले। अधिकारियों को पता चला था कि बौद्ध भिक्षु अवैध प्रजनन और पशु तस्करी के धंधे में लिप्त हैं। नेशनल पार्क के अधिकारी एनुसोर्न नूचडुमरांग ने कहा कि मंदिर से 137 बाघों को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के दौरान शावकों के शव भोजन रखने के लिए बने डीप फ्रीजर में मिले। इन शावकों की उम्र एक से दो साल के बीच है। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद मौत के असली कारणों का पता लग पाएगा। बाघों को यहां से पूरी तरह स्थानांतरित करने की कार्यवाही में सात से दस दिन लग सकते हैं। मंदिर के अध्यक्ष सुफितफोंग फाकचारुंग ने कहा है कि जन्म के तुरंत या कुछ समय बाद मर जाने वाले शावकों के शवों को फ्रीजर में रखना शुरू किया गया था। लिहाजा सारे आरोप गलत हैं। मंदिर पिछले 15 सालों से लगातार बाघों के संरक्षण और पालन में जुटा हुआ है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।